Noida: राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने नोएडा की सीईओ को किया तलब
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:10 AM
Noida: नोएडा ।राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने छलेरा बांगर के एक गरीब किसान की जमीन अधिग्रहण करने तथा अधिग्रहण के बदले जमीन न देने के प्रकरण में आज नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी को तलब किया है। खबर लिखे जाने तक यह पता नहीं चल पाया कि आज आयोग के समक्ष सीईओ स्वयं उपस्थित हुई है या किसी मातहत अधिकारी को भेजा है। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त केंद्रीय मंत्री) डॉ लोकेश प्रजापति के निर्देश पर आयोग के अवर सचिव जे. रविशंकर ने 16 फरवरी को प्राधिकरण को नोटिस भेजकर 21 फरवरी को दोपहर दिल्ली स्थित आयोग के कार्यालय तलब किया है। आयोग में छलेरा के निवासी किसान चंद्रपाल पुत्र स्वर्गीय नौबत सिंह ने शिकायत की थी। शिकायत में चंद्रपाल ने आरोप लगाया था कि उसकी खसरा नंबर-144 में दादालाई 445 वर्ग गज जमीन दर्ज थी।
प्राधिकरण ने नोटिस दिए बिना एक सड़क निर्माण के लिए अर्जेंट क्लोज के तहत उसकी जमीन का अधिग्रहण कर लिया था। जबकि उसका प्राधिकरण के साथ जिला अदालत में इस जमीन को लेकर वाद भी चल रहा था। इसके अलावा इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी मामला चल रहा था। अदालत द्वारा विचाराधीन विवाद के दौरान प्राधिकरण को मामले में हस्तक्षेप न करने तथा यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश भी थे। लेकिन इसके बावजूद भी प्राधिकरण ने उसकी जमीन को जबरन अधिग्रहण कर लिया था। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि अन्य लोगों को अधिग्रहण के बदले जमीन भी दे दी गई है, लेकिन उसे अभी तक नोएडा प्राधिकरण ने जमीन नहीं दी है। न्याय न मिलने से हताश चंद्रपाल ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग में शिकायत की थी। आज आयोग ने सीईओ को मामले में अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया है।