Noida : नोएडा । नोएडा को सुरक्षा की दृष्टि से चाक चौबंद बनाने के लिए 84 चौराहों पर 1065 कैमरे निगाहबानी करेंगे। पहले चरण में 30 अप्रैल को पहले चरण में 25 चौराहों पर ट्रायल रन शुरू किया जाएगा। इसके लिए कमांड कंट्रोल रूम तैयार कर लिया गया है। योजना के तहत 84 चौराहों पर 1065 मल्टीडाइमेंशनल सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है। इन कैमरों के जरिए ही यातायात के दबाव के हिसाब से ट्रैफिक सिग्नल की बत्ती लाल-हरी हुआ करेंगी। ट्रैफिक लाइटों का नियंत्रण यातायात घनत्व के अनुसार स्वत: ही हो जाएगा। जून से ये प्रोसेस पूरी तरह शुरू हो जाएगा।
आईटीएमएस योजना के लिए शहर में 76 पोल्स लगाए जा रहे है। इसमे चार भुजा वाले 272 केंटीलीवर, 20 गेंट्री , 102 जंक्शन बाक्स व 273 स्मार्ट जंक्शन बाक्स लगाए जा रहे है। इसके अलावा 150 एडाप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम व 22 साइन बोर्ड लगाए जा रहे है। इसके लिए 106 किमी ड्रक्ट का काम पूरा किया जा चुका है वही, 60 किमी फाइबर का काम पूरा हो चुका है।
अपराध नियंत्रण, यातायात नियंत्रण व आपदा में आवश्यक दिशा निर्देश देने के लिए चार प्रकार के कैमरे लगाए जाएंगे। इसमें 693 ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर (एएनपीआर) कैमरे, 278 फिक्स्ड कैमरें, 76 पैंटेल्ड जूम (पीटीजेड) कैमरे व 18 स्पीड डिटेक्शन कैमरा है। इन सभी को कंट्रोल रूम से आपरेट किया जाएगा। इसका काम पूरा हो चुका है।
नोएडा ग्रेनो एक्सप्रेस वे पर चल रहे हाईवे ट्रैफिक मेनेजमेंट सिस्टम को आईटीएमएस सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा पुलिस की प्रस्तावित सेफ सिटी योजना को इसमे शामिल कर लिया जाएगा। आईटीएमएस सिस्टम से सड़क हादसे, जाम ओर अवैध पार्किेंग की जानकारी तुरंत पुलिस को मिलेगी। इन कैमरों के जरिए ओवर स्पीड वाहनों के चालान तुरंत अपने आप ही कट जाएगा। इसके लिए 18 स्पीड डिटेक्शन सिस्टम लगाए जा रहे है। इससे तेज रफ्तार से चलने वाले वाहन चालकों पर लगाम लगेगी। चौराहों पर 345 सर्विलांस कैमरे भी लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिये व्यक्तियों की पहचान पुलिस कर सकेगी। इससे आपराधिक वारदातों करने वाले बदमाशों की आसानी से पहचान हो सकेगी।
अधिकारियों ने बताया कि 82 पीए सिस्टम के जरिए चौराहों पर अनाउंसमेंट किया जा सकेगा। इसके अलावा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में चौराहों पर लगे कैमरों की मदद से लाइव प्रसारण देखा जा सकेगा। कोई भी दिक्कत होने पर सेंटर से से ही किसी भी चौराहे से संबंधित सूचना का आदान-प्रदान हो सकेगा।