Noida News : चोर गिरोह के 14 सदस्य गिरफ्तार कुर्क कंपनी में कर रहे थे स्क्रैप चोरी
Noida News: Used to withdraw money by changing ATM card
भारत
RP Raghuvanshi
08 Dec 2022 05:27 PM
Noida News : नोएडा । थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने बंद पड़ी फैक्ट्रियों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश कर 14 चोरों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से बंद फैक्ट्री से चोरी किये गये इलेक्ट्रॉनिक स्क्रैप से भरे चार कैंटर बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपी शातिर गैंगस्टर निजामुद्दीन उर्फ निजाम उर्फ मुनीम की कुर्क की गई कंपनी से स्क्रैप चोरी कर रहे थे।
एडीसीपी साद मियां खान ने बताया कि मंगलवार देर रात थाना प्रभारी पवन कुमार को सूचना मिली कि हबीबपुर के पास एक कंपनी में कुछ चोर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापा मारकर मौके से आरिफ, योगेश शर्मा, रफाकत, नजाकत, सालिम, शहजाद, सलीम, इरशाद, अजरुदीन, आरिफ अहमद, कमरुल, मेहराजुद्दीन, आदिल व नदीम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक स्क्रैप से भरे 4 केंटर भी बरामद किए हैं। एडीसीपी ने बताया कि जिस कंपनी में यह चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं वह गैंगस्टर निजामुद्दीन उर्फ निजाम उर्फ मुनीम की कंपनी है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में इस कंपनी को कुर्क किया था। पकड़े गए आरोपी कुर्क कंपनी में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने बताया कि इनसे बरामद स्क्रैप की कीमत लाखों रुपए है। पकड़े गए आरोपियों ने चोरी की अन्य वारदातों को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।