Noida News : विजयादशमी के दिन होगा 22वें कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज
22nd Captain Shashikant Memorial Cricket Tournament will start on Vijayadashami
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:49 AM
Noida News : नोएडा। मानव सेवा समिति और जिला क्रिकेट संघ की ओर से 5 अक्टूबर यानि विजयादशमी के दिन 22वें कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज होगा। दो सप्ताह तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन नोएडा निवासी और राजस्थान सरकार में दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री जोगिंदर सिंह अवाना करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता गौतमबुद्ध नगर के पूर्व जिलाधिकारी व डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक रिटायर आईएएस एनपी सिंह करेंगे।
मानव सेवा समिति के अध्यक्ष यूके भारद्वाज ने बताया कि शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की याद में बीते 22 वर्षों से अनवरत हो रही इस प्रतिष्ठित व सामाजिक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसका मकसद नोएडा के जांबाज सपूत को याद करना है। इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी क्रिकेट टीमों के साथ-साथ शहीद के परिजन व नगरवासी इसका बेसब्री से इंतजार करते हैं। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के उद्घाटन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में शहीद के माता-पिता फ्लाइट लेफ्टिनेंट जेपी शर्मा, सुदेश शर्मा, भाई डॉक्टर नरेश शर्मा, ड़ॉ. नरेश की पत्नी ड़ॉ. संगीता शर्मा के अलावा शहर के गणमान्य गणमान्य नागरिक शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए जमा होते हैं।
Noida News :
यूके भारद्वाज ने बताया कि 05 अक्टूबर 1998 के दिन दुनियां के सबसे ऊंचे युद्ध क्षेत्र सियाचिन ग्लेशियर बॉर्डर पर पाकिस्तान के सैनिकों से बड़ी वीरता के साथ युद्ध करते हुए कैप्टन शशिकांत शर्मा ने मात्र 23 वर्ष की उम्र में देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। उनकी याद में हर वर्ष क्रिकेट टूर्नामंेट कराने का संकल्प मानव सेवा समिति एवं डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोशिएशन गौतमबुद्ध नगर के सदस्यों ने लिया है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत साल, 2001 में हुई थी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह तक चलने वाली 20-20 ओवर की इस क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं, जिनके बीच लीग-कम-नॉकआउट आधार पर मैच होंगे। प्रत्येक टीम को कम से कम तीन मैच खेलने को मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि विजेता, उपविजेता टीम के साथ सभी मैचों के मैन ऑफ द मैच, प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज व बल्लेबाज को ट्राफी के अतिरिक्त अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। अंपायरिंग व स्कोरिंग डीडीसीए पैनल के अंपायर करेंगे।
यूके भारद्वाज ने बताया कि बीते वर्षों के समारोहों में प्राधिकरण एवं शासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों, राजनेताओं के साथ-साथ देश के लिए क्रिकेट खेलने वाले विश्वस्तरीय खिलाड़ी, जिनमें विश्व विजेता टीम के सदस्य रहे मदनलाल, चेतन चौहान, अशोक मल्होत्रा, गुरशरण सिंह, चेतन शर्मा, अजय जडेजा, विजय दहिया, विजय यादव, सबा करीम, प्रवीण कुमार, परविंदर अवाना, गौतम गंभीर के कोच रहे राष्ट्रीय क्रिकेट कोच संजय भारद्वाज एवं बीसीसीआई एवं यूपीसीए के वरिष्ठ पदाधिकारी राजीव शुक्ल आदि गत टूर्नामेंट्स में शहीद कैप्टेन शशिकांत शर्मा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि मानव सेवा समिति के अनुरोध पर कई वर्ष पूर्व एक टूर्नामेंट के उद्घाटन में शामिल हुए नोएडा प्राधिकरण के पूर्व चेयरमैन देवदत्त शर्मा ने नोएडा स्टेडियम के एक द्वार का नाम शशिकांत द्वार एवं गोल्फ कोर्स के पास गोल चक्कर का नाम शशिकांत चौक रखकर शहीद कैप्टन शशिकांत को सम्मानित किया है।