Noida : नोएडा । नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एनएमआरसी) की 31वीं बोर्ड बैठक सेक्टर-29 स्थित गंगा शॉपिंग काम्पलेक्स कार्यालय में की गयी। बोर्ड बैठक में एनएमआरसी के वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 287.62 करोड (नेट) का बजट अनुमोदित किया गया। वहीं आंतरिक लेखा रिपोर्ट का भी अनुमोदन किया गया। इस दौरान सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 के लिए डीपीआर के लिए भारत सरकार की मंजूरी की दिशा में तेजी लाने पर चर्चा हुई। मई तक इस डीपीआर को मंजूरी मिलने की संभावना है। बोर्ड बैठक में शीर्ष अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-51 तथा 52 स्टेशन के बीच फुटओवर ब्रिज का निर्माण नोएडा प्राधिकरण द्वारा कराया जाएगा। यह कार्य एक वर्ष में पूरा किया जाएगा। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए यह बोर्ड बैठक की गई।
बोर्ड बैठक में एनएमआरसी के चेयरमैन तथा आवासन व शहरी विकास मंत्रालय के अपर सचिव कामरान रिजवी, प्रबंधक निदेशक व नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी, निदेशक तथा शहरी विकास मंत्रालय के वित्तीय सलाहकार श्याम सुंदर दुबे, निदेशक जयदीप, उप्र सरकार की प्रतिनिधि व एचडीपी की सचिव नीना शर्मा, कार्यकारी निदेशक व नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ प्रवीण मिश्रा आदि मौजूद थे।