Noida News : पृथला चौक के पास बीती रात तेज गति में आ रही आर्टिस कोरोला कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई और कोरोला कार अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके से बरामद इलाहाबाद नंबर की कार पर जिला जज का स्टीकर लगा हुआ है। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 3 लोगों की जान चली गई।
Noida News :
थाना सेक्टर-113 प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि बीती रात करीब 1.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पृथला चौराहे के पास एक अल्टिस कोरोला कार ने बाइक में टक्कर मार दी है। टक्कर लगने के बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अकबरपुर बहरामपुर गाजियाबाद निवासी परविंद्र के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से इलाहाबाद नंबर की एक कार को जब्त किया गया है। इस कार पर जिला जज का स्टीकर लगा हुआ है। दुर्घटना के बाद कार का चालक पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया।
थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-60 के पास बीती रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार संतोष श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संतोष श्रीवास्तव प्रताप विहार गाजियाबाद में रहते थे और बीती रात वह अपने घर जा रहे थे।
थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-101 के पास बीती रात तेज गति में आ रही कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चालक कुंदन पुत्र रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। कुंदन मूल रूप से नालंदा बिहार का रहने वाला था और बरौला गांव में किराए पर रह रहा था। वह बाइक पर कपड़ों की फेरी लगाकर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रहा था। पुलिस ने मौके से कार को जब्त किया है। वही थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से रामआसरे प्रसाद पुत्र मुखलाल की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी चालकों की तलाश कर रही है।