Noida : नोएडा । सरकार ने छात्रों की सुविधा के मद्देनजर राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) को 56 एकड़ जमीन मुफ्त में दी है। यह जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान को दी गई है। मंगलवार को मंत्रिपरिषद ने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय परिसर स्थित 56 एकड़ भूमि, जिसका स्वामित्व ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के पास है, उसको राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान को स्वामित्व सहित मुफ्त हस्तांतरित किए जाने का निर्णय लिया है।
नेशनल मेडिकल कमीशन के स्नातकोत्तर एमडी और एमएस की कक्षाएं भी जिम्स में वर्ष 2020 से चल रही हैं। वर्तमान में राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के स्वामित्व में भूमि और भवन नहीं है। कॉलेज भवन, लाइब्रेरी और छात्रावास आदि भवन गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय से किराए पर लिए गए हैं। जिसका काफी पैसा देना पड़ता है। नेशनल मेडिकल कमीशन (National Medical Commission) के मानकों के अनुसार संस्थान के संचालन और विस्तार के लिए संस्था के लिए कॉलेज भवन, लाइब्रेरी और अन्य भवनों का होना आवश्यक है। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान जनोपयोगी संस्थान है। योगी आदित्यनाथ के इस फैसले के बाद चिकित्सा सुविधा, उपचार और चिकित्सा शिक्षण से प्रदेश की जनता को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
आपको बता दें कि कोरोना काल में प्रदेश भर के अन्य संस्थानों की अपेक्षा जिम्स ने कोरोना मरीजों के इलाज और देखभाल में सबसे अच्छा कार्य किया था।