Noida: नोएडा । मानसून के मददेनजर नोएडा प्राधिकरण द्वारा नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। नोएडा के 104 नालों में सफाई का कार्य 60-70 फीसदी पूरा हो चुका है। वहीं शाहदरा ड्रेन का कार्य 40 फीसदी पूरा कर लिया गया है। शीघ्र ही बाकी कार्य पूरा हो जाएगा। रविवार समेत रोजाना रात-दिन सफाई का कार्य किया जा रहा है।
नोएडा प्राधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक व जनस्वास्थ्य विभाग के प्रभारी राजीव त्यागी ने बताया कि जन स्वास्थ्य खण्ड-प्रथम के अन्तर्गत कुल 130 किमी लंबाई में कुल 55 ड्रेनों का कार्य प्रगतिरत है, जो कि 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं जनस्वास्थ्य खण्ड-द्वितीय के अन्तर्गत विभिन्न जोन में कुल 97 किमी दूरी में 49 नालों की सफाई का कार्य प्रगतिरत है। इनका 70 प्रतिशत सफाई का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा मुख्य सिंचाई नाले की 10 किमी लंबाई में सफाई उप्र सिंचाई विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है, जिसकी 40 प्रतिशत सफाई पूर्ण की जा चुकी है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि ड्रेनों की सफाई व मैकेनिकल स्वीपिंग के कार्य में यदि किसी भी संविदाकार द्वारा कोई भी लापरवाही की जाती है, तो सम्बन्धित संविदाकार के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी।