Noida News : श्रीमद भगवत गीता में दिए ज्ञान को जीवन में अपनाएं: डा. अलका
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:06 PM
Noida: नोएडा। नोएडा के सेक्टर-33 में स्थित इस्कॉन मंदिर (Isckon Temple) में श्रीमद् भगवत गीता का प्रकाशन समारोह आयोजित किया गया। श्रीमद् भगवत गीता के प्रकाशन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीजेपी की राष्ट्रीय सचिव डॉ.अलका गुर्जर सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर बीजेपी की राष्ट्रीय सचिव डॉ अलका गुर्जर ने कहा की श्रीमद् भगवत गीता हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है। इसमें मौजूद श्लोक हमें यह बताते हैं कि, दूसरे मनुष्य की बुराई, उनसे जलन करना, दूसरों के बारे में बुरा सोचने वालों के साथ भी कभी अच्छा नहीं होता। भगवान ऐसे लोगों से हमेशा दूर रहते हैं। इसलिए हमें श्रीमद् भगवत गीता में दिए ज्ञान को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
इस्कॉन मंदिर के प्रमुख बंशीधर ने कहा कि, अगर मनुष्य अपने जीवन को सुधारना चाहता है और अपने मनुष्य जीवन का सार समझना चाहता है तो उसे पहले श्रीमद् भगवत गीता को समझना चाहिए। श्रीमद् भगवत गीता में भगवान श्री कृष्ण ने कौरवों के साथ पांडवों का युद्ध शुरू होने से पहले अर्जुन के संदेह और प्रश्नों का निवारण किया था। उसी तरह जो मनुष्य भगवान श्री कृष्ण की शरण में जाते हैं भगवान उनके जीवन के भी सारे संधि और प्रश्नों निवारण करके उन्हें मोक्ष प्राप्त करने में सहायता करते हैं।
इस प्रकाशन समारोह में इस्कॉन मंदिर के सभी सेवक समेत उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल नोएडा एनसीआर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ,राजीव गोयल, सुधीर पोरवाल, अमित अग्रवाल, मनोज गुप्ता, तेजा गुर्जर, ओमवीर अवाना, कुमु जोशी भटनागर व पूजा अवाना सहित नोएडा के प्रमुख समाजसेवी व बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।