Noida News : भयानक सांप के डर से खौफजदा हैं सेक्टर वासी
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 12:51 PM
Noida : नोएडा । सेक्टर-40 के निवासी जहरीले सांपों की दहशत के साए में जी रहे हैं। शनिवार को सेक्टर के मकान संख्या सी 90 के पास करीब साढ़े पांच फुट लंबा सांप देखकर सेक्टर वासियों में दहशत फैल गई। वन विभाग के अधिकारी जब तक पहुंचे तब तक सांप झाडिय़ों में गुम हो चुका था। सांप को लेकर सेक्टर में दहशत का माहौल कायम है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एके सहगल ने बताया कि शनिवार को एक सेक्टर वासी ने उन्हें सी ब्लॉक में एक सांप देखे जाने की सूचना दी। उक्त व्यक्ति ने सांप की फोटो भेज कर इसे पकड़वाने की मांग की। अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को फोन किया। कुछ देर बाद जब वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तब तक सांप झाडिय़ों में गुम हो चुका था। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने बताया कि सेक्टर के कई प्लाटों पर बने मकान बंद पड़े हुए हैं और उनके अहाते में झाडिय़ां उगी हुई हैं। इसके अलावा खाली प्लॉटों में भी घनी झाडिय़ां उगी हुई है जिनमें जहरीले सांप व विषैले जीव जंतु रह रहे हैं। यहां से गुजरने वाले गंदे नाले की वजह से भी सेक्टर में जहरीले जीव जंतु घुस आते हैं। आए दिन सेक्टर में सांप निकलने की घटनाएं हो रही हैं। आरडब्लूए द्वारा वन विभाग व नोएडा प्राधिकरण को कई बार सेक्टर में सांप निकलने की सूचना दी गई है लेकिन अभी तक सांपों को पकडऩे के लिए वन विभाग द्वारा कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया हैं। उन्होंने बताया कि सांप के ना पकड़े जाने से सेक्टरवासियों में दहशत व्याप्त है।