Noida News : 'महंगाई व जनसमस्याओं को लेकर छेड़ेंगे आंदोलन'
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 10:19 AM
Noida : नोएडा । भारतीय किसान यूनियन (अ) का प्रांतीय किसान सम्मेलन नोएडा के सेक्टर 52 स्थित बारात घर में संपन्न हुआ। सम्मेलन में किसानों व आम जनमानस की समस्याओं, महंगाई सहित अन्य मुद्दों पर आंदोलन छेडऩे की रणनीति बनाई गई।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष सचिन शर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार आम जनमानस की समस्याओं से मुंह मोड़ रही है। सुरसा के मुंह की तरह महंगाई दिनों दिन बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यूनियन जल्द ही किसान व आम जनमानस की समस्याओं, महंगाई सहित अन्य मुद्दों को लेकर पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालय पर पंचायतों का आयोजन कर सरकार की गलत नीतियों का पर्दाफाश करेगी। यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी करतार सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में विकास का पहिया पटरी से उतरा हुआ है। प्रदेश में धर्म और जाति की खाई पैदा कर राजनीतिक रोटियां सेकी जा रही हैं।
गौतमबुद्धनगर के नगर अध्यक्ष राजेश उपाध्याय ने कहा कि जनपद के तीनों प्राधिकरण किसानों का शोषण व उत्पीडऩ कर रहे हैं।
सम्मेलन की अध्यक्षता अनिल मास्टर ने की। सम्मेलन में इटावा के जिलाध्यक्ष संजय यादव, बुलंदशहर जिलाध्यक्ष बिन्नू अधाना, मेरठ जिलाध्यक्ष पवन गुर्जर, बागपत जिलाध्यक्ष हरीश गुर्जर, हापुड़ जिलाध्यक्ष धर्मवीर, रविंद्र कुमार, शैलेंद्र पंडित, दीपक, मनीष शर्मा, पंकज शर्मा, रमेश चंद, सतीश कुमार, श्याम सिंह, मुकेश बीडीसी, संजय यादव, प्रवीन शर्मा, कृष्ण बंसल, शौर्य, बाबूराम, श्याम सिंह चौधरी, ठाकुर अरुण रावल, विकास चौधरी, सत्येंद्र, वीरेंद्र चौहान, विक्रम चौहान, पवन भारद्वाज, ज्ञानेंद्र, मनवीर, बृजेश, पुरुषोत्तम शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।