Noida News : सेक्टर-142 से बाटेनिकल गार्डन तक एक्वा मेट्रो की लिंक लाइन का होगा अलाइमेंट
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 12:51 PM
Noida : नोएडा । नोएडा-ग्रेटर नोएडा तक संचालित होने वाली एक्वा लाइन मेट्रो का प्रयोग करने वाले शहरवासियों को जल्द नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन से बोटेनिकल गार्डन तक नई लिंक लाइन मेट्रो का तोहफा दे सकता है। ऐसे में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे के दूसरी तरफ (दाहिनी ओर) बसी तमाम ग्रुप हाउसिंग सोसायटी और दर्जनों गांव के निवासियों को सेवा देने के लिए लिंक लाइन मेट्रो को गुजारने का निर्णय भी लिया जा सकता है। एनएमआरसी प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने अधिक से अधिक लोगों तक मेट्रो की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अलाइंमेंट बदलकर नई संभावनाओं की तलाश करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) अधिकारियों को निर्देश दे दिया है।
बता दें कि लिंक लाइन रूट की संशोधित डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से तैयार की गई है। इसको लेकर सेक्टर-29 स्थित एनएमआरसी कार्यालय पर बृहस्पतिवार को प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। इसमें डीएमआरसी अधिकारियों ने संशोधित डीपीआर पर प्रस्तुतिकरण दिया। जिसमें रूट अलाइमेंट, राइडरशिप, स्टेशन, आने वाले खर्च समेत तमाम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान रितु माहेश्वरी ने कहा कि एसबीआइ की ओर से मेट्रो ले लिए जारी कार्ड को जल्द से जल्द साफ्टवेयर में बदलाव कर ऐसा कार्ड तैयार कराया जाए, जिससे सभी मेट्रो में मुसाफिर सेवा ले सके। इसके अलावा एनएमआरसी एप में अन्य फीचर भी डाले जाएं। जिससे उन्हें सवारियों की जानकारी भी मौके मिल सके। मौके पर एनएमआरसी कार्यकारी निदेशक प्रवीण कुमार मिश्र भी मौजूद रहे।