Noida News : सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्राधिकरण का अभियान तेज
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:07 AM
Noida: नोएडा । नोएडा प्राधिकरण ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत कल विभिन्न इलाकों में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों से करीब 20 हजार रूपये का जुर्माना वसूला गया। नोएडा प्राधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक राजीव त्यागी ने बताया कि लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। फिर भी कुछ दुकानदार इससे बाज नहीं आ रहे हैं। प्राधिकरण ने अभियान के तहत सेक्टर-27 अट्टा मार्केट में एक परचून की दुकानदार के पास से 10 किलो पॉलिथीन जब्त किया। वहीं उस पर 6 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया। सेक्टर-121 में एक दुकानदार पर सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल करने पर 4 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया। एक अन्य दुकानदार पर 2 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया।
उन्होंने बताया कि सेक्टर 49 में भवन का मलबा गलत स्थान फेंकने पर ट्रैक्टर ट्रॉली पर कार्यवाही करते हुए 7 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया। श्री त्यागी ने बताया कि इस बाबत शहर के सभी दुकानदारों तथा आम लोगों को जागरूक किया गया है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल ना करें। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कई दुकानदार धड़ल्ले से इसका इस्तेमाल कर रहे हैं उनके खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उधर सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर नोएडा प्राधिकरण तथा विभिन्न आरडब्लूए कपड़े के थैले का वितरण कर रहे हैं ताकि लोग सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग ना करें।