Noida: नोएडा नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ मिलीभगत के चलते ठेकेदार मौज मार रहे हैं। ठेकेदारों की लापरवाही के कारण सेक्टर-51 के पार्क व ग्रीन बेल्ट का बुरा हाल है। आरडब्ल्यूए सेक्टर-51 के महासचिव संजीव कुमार ने इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र लिखकर ठेकेदार की लापरवाही की शिकायत की है। श्री कुमार ने बताया कि चिल्ड्रन पार्क सेक्टर-51 में ठेकेदार टेंडर की शर्तों के मुताबिक काम नहीं कर रहा है। अटेंडेंस के मुताबिक हर दिन 2 या 3 माली ही पार्क में काम करने आते हैं। जबकि यहां 7 लेबर आने चाहिए। इस प्रकार सेक्टर के सी व डी ब्लॉक के पार्कों का भी बुरा हाल है। सेक्टर की ग्रीन बेल्ट में उगी घास नहीं काटी जाती है और न ही इसकी सफाई होती है। पिछले 1 माह से घास की कटाई नहीं हुई है।
महासचिव संजीव कुमार का आरोप है कि उद्यान विभाग के ठेकेदार पिछले दो माह से कार्य तथा निविदा के अनुरूप लेबर नहीं भेज रहे हैं। नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग की लापरवाही से पार्कों में घासों की कटाई, पौधों की सिंचाई तथा अनुरक्षण का कार्य बाधित हो रहा है। आरडब्ल्यूए सेक्टर-51 के पदाधिकारियों ने प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी से शिकायत की है।