नोएडा (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-119 स्थित समिति के बाहर टहल रहे एक व्यक्ति के गले से बाइक सवार बदमाश सोने की चेन लूट कर ले गए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आजकल बदमाशों द्वारा चेन छीनकर भागने और मोबाइल छीनने की घटनाएं काफी हो रही हैं।
सोसायटी के बाहर टहलते समय हुई छिनैती
सेक्टर-119 स्थित एलडी को आमंत्रण सोसाइटी में रहने वाले प्रभाकर कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीते 4 अक्टूबर की शाम को सोसायटी के बाहर टहल रहे थे। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर ले गए। प्रभाकर कुमार के मुताबिक उन्होंने शोर मचा कर बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन बदमाश फरार होने में सफल रहे। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश कर रही है।
जेब से निकाला मोबाइल
नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-62 में एक चोर ने एक व्यक्ति की जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी का अंदेशा होने पर यात्री ने जब चोर को पकड़ने का प्रयास किया तो वह चलती बस से कूद कर भाग गया। मूल रूप से वाराणसी निवासी रंजेश चौबे ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि सेक्टर-20 से सेक्टर-63 जाने के लिए बस में बैठा था बस जैसे ही सेक्टर 62 पहुंची तो एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया। मोबाइल चोरी होने का अंदेशा होने पर उसने जब उक्त व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास किया तो वह उसे धक्का देकर चलती बस से कूद कर भाग गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है, और चोर की तलाश की जा रही है।
गार्ड रूम से बंदूक चोरी
ग्रेटर नोएडा में महिला उद्यमी पार्क दो में स्थित एक कंपनी में कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड की लाइसेंसी बंदूक गार्ड रूम से चोरी हो गई। थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने चोरी के इस मामले को करीब 20 दिन बाद दर्ज किया है। मूल रूप से ग्राम अहरवारा जनपद बदायूं निवासी रामबली यादव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह ग्राम जलपुरा में किराए पर रह रहा है। वह चेकमेट सिक्योरिटी कंपनी की तरफ से महिला उद्यमी पार्क दो में स्थित डायमंड नामक कंपनी में गनमैन के रूप में कार्यरत है। 15 सितंबर को कंपनी के गेट पर उसकी ड्यूटी गार्ड शिवनेत्र व विश्राम सिंह के साथ थी। रात्रि में वह अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक को गार्ड रूम में रखकर लघु शंका करने के लिए चला गया कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसे बंदूक गायब मिली। रामबली यादव के मुताबिक उसने आसपास बंदूक की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। उसने अपने साथी गार्डों से लाइसेंसी बंदूक के बारे में पूछा लेकिन उन्होंने किसी भी तरह की जानकारी होने से इंकार कर दिया। थाना पूर्वज ने बताया कि गार्ड की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कंपनी के मुख्य गेट व गार्ड रूम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा - नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।