Noida News : 6 माह बाद सड़क दुर्घटना में मौत का मामला दर्ज , फ्लेक्सी बोर्ड लगाते समय हुआ था हादसा
Noida News: Case of death registered in road accident after 6 months, accident happened while installing flexi board
भारत
चेतना मंच
10 Dec 2022 06:22 PM
Noida News : एक्सप्रेसवे पर 6 माह पूर्व फ्लेक्सी बोर्ड लगाते समय ट्रक की टक्कर से हुई युवक की मौत के मामले में थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। परिजनों ने इस मामले की आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद शुक्रवार को अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
Noida News :
जीआईपी चौकी प्रभारी अविनेश कुमार ने बताया कि मूल रूप से मटिया टोला कप्तानगंज कुशीनगर का रहने वाला राजकुमार दिल्ली की एक कंपनी में काम करता था। यह कंपनी मुख्य मार्गों व हाईवे पर फ्लेक्सी बोर्ड लगाने का काम करती है। करीब 6 माह पूर्व राजकुमार महामाया फ्लाईओवर से पहले क्रेन पर चढ़कर भूटानी कंपनी का फ्लेक्सी बोर्ड लगा रहा था। इस दौरान तेज गति में आ रहे ट्रक ने क्रेन में टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने से राजकुमार ऊंचाई से सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया था जहां से उसकी बिगड़ती हालत को देखकर चिकित्सकों ने उसे सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। उपचार के दौरान राजकुमार की दूसरे दिन मौत हो गई थी। राजकुमार के परिजन शव को लेकर अपने पैतृक गांव मटिया टोला कप्तानगंज कुशीनगर चले गए थे। कुछ दिनों पूर्व राजकुमार के पिता सुरेंद्र चौहान ने आईजीआरएस पोर्टल पोर्टल पर दुर्घटना के आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। चौकी प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को सुरेंद्र चौहान की लिखित शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।