
Noida News : हिन्द मजदूर सभा ने स्वर्गीय डीडी वशिष्ठ की पुण्यतिथि पर उप श्रमायुक्त कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन के बाद 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। हिन्द मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिवगोपाल मिश्रा तथा प्रदेश सचिव आरपी सिंह चौहान के नेतृत्व में उप श्रमायुक्त पीके सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर शिवगोपाल मिश्रा ने कहा कि केन्द्र सरकार श्रमिकों के साथ लगातार शोषण कर रही है। उन्होंने मांग की है कि श्रम कानूनों के बदले बने 4 लेबर कोड को रदद किया जाए। राज्य व केन्द्र कर्मचारियों की पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल की जाए। ठेकेदारी व आउटसोर्सिंग पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।
प्रदेश सचिव आरपी सिंह चौहान ने धरने को संबोधित करते हुए आंगनबाड़ी, आशा, शिक्षा मित्रों समेत सभी स्कीम वर्कर्स को राज्य कर्मचारी घोषित करने, सार्वजनिक व सरकारी क्षेत्र के निजीकरण व सार्वजनिक संपत्तियों की बिक्री बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि न्यूनतम मजदूरी व इंजीनियरिंग उद्योग कर्मचारियों का वेतन पुनरीक्षित किया जाए तथा उसका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन कराया जाए। प्रत्येक कर्मचारी का नाम नियोजन संबंधी अभिलेखों में दर्ज किया जाए। सभी विभागों में रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की जाए। मृतक मजदूरों के आश्रितों को नौकरी में समायोजित किया जाए। श्रमिकों के वादों का समयबद्ध निस्पादन कराया जाए। इसके पूर्व स्वर्गीय डीडी वशिष्ठ की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि दी गई।
इस मौके पर हिन्द मजदूर सभा के जिला महामंत्री रितेश कुमार झा, ललित शर्मा, अमित बंसल, राजेश शर्मा, प्रवीन कुमार, विमलेश कुमार, शत्रुघ्न, अफरोज, शरद गुप्ता, मोहन गुप्ता, तपसी राय, उमेश शर्मा ने भी धरना-प्रदर्शन को संबोधित किया।