Noida News:कांग्रेस को तलाश है एक अदद जिताऊ प्रत्याशी की!
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:38 AM
नोएडा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश की कमान हाथ में लेने के बाद पार्टी का जनाधार तथा लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। पिछले डेढ़-दो वर्षों के दौरान पूरे प्रदेश खासकर नोएडा में कांग्रेस में नई जान आ गई है तथा युवाओं का जोश भी बढ़ा है। इसका प्रमुख श्रेय सांगठनिक सक्रियता तथा पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जनहित के मद्देनजर किए गए आंदोलन को जाता है। इसका नतीजा यह रहा कि अब नोएडा से कांग्रेस का टिकट लेकर चुनाव लडऩे के लिए दावेदारों की लंबी फौज तैयार बैठी है। पार्टी इस बार नोएडा विधानसभा क्षेत्र से जिताऊ तथा कर्मठ, निष्ठावान, युवा, पढ़े लिखे एवं स्वच्छ छवि के प्रत्याशी की तलाश में है।
पार्टी के अंतरंग तथा जिम्मेदार पदाधिकारी सूत्रों की मानें तो नोएडा में ब्राह्मण, वैश्य समाज के स्वच्छ छवि वाले किसी युवा उद्यमी या व्यापारी को पार्टी टिकट दे सकती है। पार्टी के इस मानक की कड़ी में कई नामों पर चर्चा चल रही है। इसमें से एक नाम तेजी से उभर रहा है वह है कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अभिषेक जैन का। बेदाग चरित्र, स्वच्छ छवि, पार्टी के प्रति समर्पित, निष्ठावान, पढ़े-लिखे अभिषेक जैन तथा उनका परिवार नोएडा में परिचय का मोहताज नहीं है। उनका परिवार तकरीबन 4 दशकों से नोएडा में रह रहा है तथा क्षेत्र में काफी लोकप्रिय है।
धनेंद्र जैन के सुपुत्र अभिषेक जैन की प्रारंभिक स्कूली शिक्षा सेक्टर-29 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में हुई है। यहां से हायर सेकेंड्री (12वीं) की शिक्षा ग्रहण करने के बाद उन्होंने दिल्ली के दयाल सिंह कॉलेज से बीकॉम किया। अभिषेक छात्र जीवन से ही सामाजिक संगठनों में काफी सक्रिय रहते थे। प्रारंभिक तौर पर भी किसी राजनीतिक दल से तो सीधे नहीं जुड़े लेकिन कांग्रेस की विचारधारा के प्रति उनका शुरू से ही लगाव रहा है। वह कांग्रेस के अच्छे समर्थक भी रहे हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे अपने पारंपरिक उद्योग जगत से जुड़ गए तथा सेक्टर 5 में एक फैक्ट्री का संचालन कर रहे हैं।
अभिषेक भी इस बार नोएडा विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। इसके पीछे कर्ई सकारात्मक तथा वाजिब कारण भी हैं। उनका परिवार न सिर्फ सेक्टरों तक सीमित रहा बल्कि गांव में भी उनकी अच्छी पैठ है। यही कारण है कि अभिषेक के परिचय का दायरा न सिर्फ व्यापारियों, उद्यमियों तक सीमित है, बल्कि विभिन्न जाति समाज व धर्म के भी लोगों में भी वे काफी लोकप्रिय हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अलावा क्षेत्र वासियों की आम राय यह है यदि कांग्रेस पार्टी ने नोएडा विधानसभा क्षेत्र से अभिषेक जैन को टिकट दिया तो कांग्रेस की स्थिति यहां काफी मजबूत रहेगी। पार्टी के जनाधार के अलावा उन्हें वैश्य, पंजाबी, जैन समाज समेत अल्पसंख्यक समाज, व्यापारियों तथा कारोबारियों का खासा समर्थन मिल सकता है। वहीं ग्रामीण इलाकों में भी उनके परिवारिक संबंधों का लाभ अभिषेक को मिलना तय है। बता दें कि सभी राजनीतिक दल अब यह समझ चुके हैं कि यदि उन्हें नोएडा में भाजपा को टक्कर देनी है तो उन्हें शहरी समाज का कोई पढ़ा-लिखा, स्वच्छ छवि वाला, हर समाज व वर्ग में स्वीकार्य युवा चेहरे को चुनाव मैंदान में उतारना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में अभिषेक कांग्रेस के लिए एक बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं। कांग्रेस के भी कई नेता तथा कार्यकर्ता भी इस संभावना से इंकार नहीं कर रहे हैं।
इस बाबत जब कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अभिषेक से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के कर्मठ सिपाही हैं। यदि पार्टी ने उन्हें इस लायक समझा तथा टिकट दिया तो वे संगठन को लेकर मजबूती से चुनाव लड़ेंगे तथा इस सीट को निकलवाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।