Noida news : ब्रोंज मेडल लाने पर कांस्टेबल गगन कुमार का हुआ भव्य स्वागत
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 04:53 PM
Noida : नोएडा । नीदरलैंड में चल रहे वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में बैडमिंटन में ब्रोंज मेडल प्राप्त कर उत्तर प्रदेश पुलिस व देश का नाम रोशन करने वाले कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में तैनात कांस्टेबल गगन कुमार पासवान के वापस लौटने पर पुलिस अधिकारियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर स्वागत किया। एयरपोर्ट से कांस्टेबल गगन कुमार पासवान को फूलों से सजी हुई खुली जीप में पुलिस लाइन लाया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस व देश का नाम रोशन करने पर पुलिस अधिकारियों ने उनकी जमकर सराहना की।
नीदरलैंड में चल रहे वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में बैडमिंटन खेल में ब्रोंज मेडल जीतने के बाद कांस्टेबल गगन कुमार पासवान बीती शाम दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे जहां उनके स्वागत के लिए प्रतिसार निरीक्षक व एसीपी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर कांस्टेबल गगन कुमार का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन से गगन पासवान के स्वागत में फूलों से सजी हुई खुली जीप एयरपोर्ट भेजी गई थी। इस जीप से कॉन्स्टेबल को सम्मान सहित एयरपोर्ट से लाया गया। कॉन्स्टेबल गगन कुमार पासवान की इस उपलब्धि पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में अधिकारियों व पुलिस कर्मियों ने गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया। पुलिस अधिकारियों ने गगन पासवान की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दी।