Noida News : होटलों के कमरे में बनाते थे कपल्स की अश्लील वीडियो
Hidden camera in Hotels
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:18 AM
Noida News : नोएडा । दिल्ली-एनसीआर के होटलों में कमरा लेकर रहने वाले कपल्स के लिए यह चेतावनी भरी खबर है। नोएडा पुलिस ने एक ऐसे एक्सटॉर्शन गैंग का भंडाफोड़ किया है जो होटल में आने वाले कपल्स का स्पाई कैमरे से अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था।
एडीसीपी सेंट्रल साद मियां खान ने बताया कि थाना फेज-3 में एक व्यक्ति ने गत दिनों शिकायत दर्ज कराई थी कुछ लोग उसकी अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उससे एक्सटॉर्शन मनी मांग रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर गढ़ी चौखंडी के पास से अब्दुल वहाब, पंकज, विष्णु व अनुराग को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लैपटॉप, फोन, स्पाई कैमरा, फर्जी पते पर लिए गए सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के खाते की पासबुक, कपल्स की अश्लील वीडियो सहित अन्य सामान बरामद हुआ। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी नोएडा दिल्ली के होटलों में ग्राहक बनकर कमरा लेते थे। इस दौरान वह कमरे में स्पाई कैमरा लगा आते थे। कुछ दिनों बाद गिरोह के सदस्य फिर उसी होटल में कमरा लेकर स्पाई कैमरे को निकाल लेते थे। इस अंतराल के दौरान होटल के कमरे में आने वाले कपल्स की अश्लील वीडियो उक्त कैमरे में कैद हो जाती थी। इन वीडियो के आधार पर यह उक्त व्यक्ति को अश्लील वीडियो वायरल करने का भय दिखाकर ब्लैकमेल करते थे।
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह पिछले करीब ढाई साल से इस धंधे को अंजाम दे रहे हैं। अब तक वह अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर सैकड़ों लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बकायदा संगठित तरीके से इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं। ब्लैक मेलिंग के शिकार लोगों से रकम वसूलने के लिए बकायदा प्रत्येक आदमी की जिम्मेदारी बटी हुई थी। ब्लैक मेलिंग के शिकार लोगों से रकम खातों में ट्रांजैक्शन कराई जाती थी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का एक साथी सौरभ फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।