Noida News : साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती है: आलोक सिंह
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 04:20 AM
Noida : नोएडा। नोएडा कमिश्नरी के पुलिस आयुक्त व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह ने कहा है कि पुलिस सिस्टम के सामने साइबर क्राइम एक बड़ी चुनौती है। अन्य चुनौतियों की भांति ही पुलिस विभाग को इस चुनौती का सामना करना है। श्री सिंह ने यह बात साइबर अपराधों के विरूद्ध लडऩे के लिए चलाए गए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही। जानकारों का दावा है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद सार्थक साबित होगा।
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह का साफ मत है कि साइबर अपराध पूरे सिस्टम व समाज के लिए एक बड़ी चुनौती है। समाज व पुलिस को मिलकर इस चुनौती का सामना करना पड़ेगा। बता दें कि सेक्टर-108 स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में साइबर क्राइम पर अंकुश लगाने व लोगों को साइबर अपराधों के संबंध में जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नैसकॉम व एकेएस आईटी सर्विसेज के प्रशिक्षकों ने पुलिसकर्मियों को साइबर क्राइम से निपटने व लोगों को जागरूक करने के बारे में अहम जानकारी दी।
कार्यक्रम में नैसकॉम के सुमबुल सलीम, यशवर्धन सिंह व एकेएस आईटी के प्रशिक्षक कर्नल राजेश शर्मा, आदित्य बावेजा, रोबिन वर्मा व मनोज सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान अलग-अलग किस्म के साइबर अपराधों से निपटने के लिए सहायक टूल्स के बारे बताया गया। प्रशिक्षकों ने अपराधी द्वारा नष्ट किए गए डाटा की रिकवरी करने, डाटा सुरक्षित रखने, शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के अविलम्ब निस्तारण, लोगों को अलग-अलग किस्म के फ्रॉड के संबंध में जागरूक करने व साइबर फोरेंसिक विषयों के बारे में प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने कार्यशाला में हिस्सा लेने वाले प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
इस मौके पर ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार, डीसीपी ग्रेटर नोएडा अभिषेक वर्मा, एडीसीपी क्राइम रणविजय सिंह, एसीपी क्राइम श्यामजीत सिंह व सभी थानों से आए लगभग 150 पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।