Noida news : दबंगों से आतंकित दलित परिवार पलायन को मजबूर
भारत
चेतना मंच
14 May 2022 05:05 PM
Noida : नोएडा । मामूरा गांव में रहने वाला एक दलित परिवार अपने ही गांव के दबंगों के खौफ से त्रस्त व आतंकित है। इस परिवार का साफ आरोप है कि दबंग अपराधी पुलिस के संरक्षण में गुंडागर्दी कर रहे हैं। इसी कारण यह परिवार गांव छोडऩे का मन बना रहा है।
मामूरा की गली नंबर-1 में रहने वाले रतन सिंह के पुत्र अमित ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग को एक पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि वे दलित परिवार से हैं। 22 अप्रैल को गांव के ही धीरसिंह, अरूण प्रजापति, राहुल एवं अंकित आदि ने उनके पूरे परिवार को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। उनका अपराध बस इतना सा था कि अमित दबंगों की गाड़ी के सामने आ गया था। इस घटना की रिपोर्ट उसी दिन फेज-3 थाने में दर्ज करा दी गयी थी। पुलिस ने अपराध संख्या 0186 पर धारा-147, 323, 504, 506 तथा अनुूसचित जाति एवं जनजाति उत्पीडऩ अधिनियम 1989 (एससी/एसटी एक्ट) के तहत दर्ज किया था।
पत्र में आरोप है कि अमित के पूरे परिवार पर हमला करने वाले दबंगों को गिरफ्तार करना तो दूर पुलिस उन्हें संरक्षण दे रही है। अपराधी गांव में खुलेआम घोषणा करते घूम रहे हैं कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। पत्र में यह भी आरोप है कि अपराधी दलित परिवार पर समझौता करके पुलिस केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। वे धमकी दे रहे हैं कि या तो समझौता कर लो नही ंतो जान से मार दिए जाओगे। इस आतंक के कारण यह परिवार गांव से पलायन करने की योजना बना रहा है।