Noida News : डीएलसी पर भारी पड़ा अवैध उगाही व भ्रष्टाचार का आरोप
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:04 AM
हिन्द मजदूर सभा के महामंत्री ने की थी सीएम से शिकायत
Noida : नोएडा । नोएडा में उपश्रमायुक्त के पद पर तैनात वंदना गुप्ता पर लगाए गए भ्रष्टाचार तथा फैक्ट्रियों में अवैध उगाही के आरोप उन पर भारी पड़े। कल देर शाम उनको गौतमबुद्धनगर के डीएलसी पद से हटाकर कानपुर श्रमायुक्त कार्यालय से अटैच कर दिया गया।
मालूम हो कि हिन्द मजदूर सभा के महामंत्री आर.पी. सिंह चौहान ने 27 अप्रैल को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा श्रममंत्री को पत्र भेजकर डीएलसी की शिकायत की थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया गया था कि डीएलसी वंदना गुप्ता के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर है। डीएलसी श्रमिकों की समस्याओं के समाधान में कम ध्यान देती हैं तथा फैक्ट्रियों से अवैध उगाही पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं। इस कार्य में उनके पति भी सक्रिय हैं।
शिकायत के बाद श्रमायुक्त ने 11 मई को जांच के लिए एएलसी को नोएडा भेजा था। इस दौरान शिकायतकर्ता से आरोपों से संबंधित दस्तावेज व शपथ-पत्र लिए गए थे। बताया जाता है कि वंदना गुप्ता पर श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य का वरदहस्त था तथा उन्हीं के कारण उन्हें नोएडा में डीएलसी के पद पर भेजा गया था।
कल श्रमविभाग के उप सचिव सत्यवान सिंह ने डीएलसी को तत्काल प्रभाव से कानपुर आयुक्त के कार्यालय से सबंद्ध करने के आदेश जारी किए। डीएलसी के हटने के बाद श्रमिक यूनियनों व श्रमिकों में हर्ष की लहर व्याप्त है।