
Noida News: नोएडा पुलिस ने शहदरा गांव में हुए गोलीकांड का खुलासा किया है। इस खुलासे से पता चलता है कि गांव के एक ही परिवार में हुए जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रुप ले लिया है। दरअसल यह पूरा झगड़ा एक बाप व दो मां की संतानों के बीच है। इन संतानों का बाप तो एक था किंतु मां दो थी।
नोएडा पुलिस के मुताबिक, थाना सेक्टर 142 क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़ी शहदरा प्रकरण में सूरजमल, गढ़ी शहदरा सेक्टर-142 के निवासी हैं, ने दो शादियां की थी। पहली पत्नी चंद्रमती थी जिससे बलराज नाम का बेटा है। चंद्रमती की मृत्यु होने के बाद सूरजमल ने वीरमती से दूसरी शादी की, जिससे केसराज नाम का बेटा है। जब सूरजमल की मृत्यु हो गई तो सूरजमल की दूसरी पत्नी वीरमती ने जमीन के तीन हिस्से किए जिसमें एक हिस्सा अपने पास रखा और एक-एक हिस्सा केसराज़ और बलराज को दिया। चूंकि वीरमती केसराज की मां थी, वीरमती की मृत्यु होने के बाद केसराज ने पूरा हिस्सा ले लिया। जबकि बलराज का कहना है कि मुझे वीरमती के हिस्से से आधा हिस्सा मिलना चाहिए। इसी बात को लेकर केसराज और बलराज में मुकदमे बाजी शुरू हो गई।
केसराज, वीरमती के हिस्से वाली जमीन का काफी हिस्सा बेच चुका है। जो थोड़ी जमीन बची है वो हिस्सा बलराज को कोर्ट से मिल चुका है। अभी तक इसमें केसराज ने कोर्ट से स्टे ले रखा था। 17 फरवरी 2023 को स्टे खारिज हो गया तो बलराज के लड़के नवीन और हाकिम ने इस पर कब्जा करने का प्रयास किया जिससे केसराज और बलराज के लड़कों के बीच आज झगड़ा हुआ एवं हवाई फायरिंग और पथराव हुआ जिसमें एक पक्ष को मामूली चोट आई है। एक पक्ष से हाकिम और उसकी पत्नी रिंकी तथा दूसरे पक्ष से सुमित, राजेन्द्र व कर्ण सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
कैसे हुआ नोएडा में गोलीकांड, यहां पढ़िए...