Noida News: बुजुर्ग ने 19वीं मंजिल से कूदकर दी जान
भारत
RP Raghuvanshi
26 Nov 2025 09:48 PM
Noida: नोएडा । थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के सेक्टर-137 स्थित इको सिटी सोसाइटी में 19वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति ने फ्लैट की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक बुजुर्ग डिप्रेशन का शिकार था और अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। जबकि उसके दो बेटी एवं एक बेटा नोएडा से बाहर रहते हैं।
थाना सेक्टर-142 के थाना प्रभारी उत्तम कुमार ने बताया कि आज सुबह लगभग 6:00 बजे राजकुमार ममतानी (70 वर्ष) स्वर्गीय ठाकुर दास ममतानी ने सुपरटेक इकोसिटी की 19वीं मंजिल के फ्लैट नंबर-1902 की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ फ्लैट में रह रहा था और डिप्रेशन का शिकार था। उसकी दो बेटी रितु (35 वर्ष) और महक (36 वर्ष) दिल्ली में रहती हैं। जबकि बेटा ललित (40 वर्ष) मुंबई में रह रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आत्महत्या के कारणों का पुलिस पता लगा रही है।