
Noida News (चेतना मंच)। चाइनीज शाओलिन कंपनी से लाखों रुपए के ईयर फोन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए थाना सेक्टर-63 पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 19 लाख रुपए मूल्य के चोरी के ईयर फोन बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों में चार आरोपी कंपनी के ही कर्मचारी हैं।
एडीसीपी सेंट्रल डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि सेक्टर-63 डी ब्लॉक में शाओलिन नामक कंपनी विभिन्न मोबाइल फोन के लिए इयरफोन बनाने का काम करती है। इस कंपनी में 9 व 10 मई की रात्रि को लाखों रुपए मूल्य के 7200 ईयर फोन चोरी हो गए थे। इस संबंध में कंपनी की एचआर मैनेजर प्रियंका ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की और कंपनी में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो अहम सुराग हाथ लगे।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अमित कुमार मान की टीम ने रजत, दिनेश, अमरपाल, सुरेंद्र, प्रदीप व रविस को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी के 6500 ईयर फोन बरामद हुए हैं। पकड़े गए रजत, दिनेश, अमरपाल और सुरेंद्र शाओलिन कंपनी में ही काम करते हैं और इन्होंने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े गए प्रदीप व रविस की दिल्ली में दुकान है और यह आरोपियों से चोरी के एयर फोन खरीदने के लिए आए थे। आरोपियों के पास से एक वेन्यू हुंडई कार व कुछ नगदी भी बरामद हुई है। आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।