
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। बड़ी मिलक लच्छी गांव में अंग्रेजी शराब के ठेके पर ओवर रेट शराब बेच रहे एक सेल्समैन को आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए सेल्समैन को थाना बिसरख पुलिस के हवाले कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आबकारी निरीक्षक अभिनव कुमार ने बताया कि किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि बड़ी मिलक लच्छी गांव में स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन द्वारा प्रिंट रेट से अधिक मूल्य लिया जा रहा है। सूचना के आधार पर शराब के ठेके पर एक नकली ग्राहक बनाकर भेजा गया, जिससे सेल्समैन ने अधिक पैसे वसूल लिए। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने ठेके पर छापा मारकर सेल्समैन उमेश जायसवाल को दबोच लिया। पकड़े गए सेल्समैन को थाना बिसरख पुलिस के हवाले कर उसके खिलाफ प्रिंट रेट से अधिक रुपए लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया। आबकारी निरीक्षक अभिनव कुमार ने बताया कि ओवरवेट शराब बिक्री के मामले में शराब के ठेके के स्वामी पर भी 75 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा उसको विभाग द्वारा नोटिस भी जारी किया जा रहा है।
आपको बता दें कि आबकारी विभाग द्वारा समय-समय पर ओवर रेटिंग शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा जाता है। इसके बावजूद भी जनपद में शराब के ठेके पर ग्राहकों से प्रिंट रेट से अधिक रुपए वसूले जा रहे हैं।