Noida News: बिजली विभाग के कारण नोएडा से पलायन का मन बना रहे उद्यमी: नाहटा
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 05:20 PM
Noida: नोएडा। एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन नोएडा के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नाहटा(MSME Industrial Association Noida President Surendra Singh Nahta) ने कहा प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक शहर नोएडा के उद्योगों का संचालन अब दूभर होता जा रहा है। बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण उद्यमी अब यहां से दूसरे राज्यों में पलायन का मन बना रहे हैं। अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार को भेजे पत्र में उन्होंने कहा कि बिजली विभाग से यहां के उद्यमी त्रस्त हो गए हैं। उन्होंने नोएडा के उद्यमियों की बिजली से संबंधित समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की है।
एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन नोएडा के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नाहटा ने कहा कि नोएडा को नो पावर कट जोन कहा गया है। नियमानुसार यहां उद्योगों को 24 घंटे बिजली मिलनी चाहिए, लेकिन फिलहाल यह असंभव साबित हो रहा है। यहां के बिजली विभाग की बुनियाद की कमजोर है। उन्होंने कहा है कि यहां इंडस्ट्री में डबल मीटर लगाए गए हैं। लेकिन, रीडिंग लेने वाले अंदर वाले मीटर से मिलान ही नहीं करते हैं। ऐसे में बिलों में गड़बड़ी आम बात है। इसे ठीक कराने के लिए विभाग के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग में पहले एक महीने का डिपाजिट होता था। इसे बढ़ाकर डेढ़ महीना कर दिया गया। इतना पैसा जमा होने के बाद भी यहां के लाइनमैन डेट समाप्त होने के दूसरे दिन ही सप्लाई काट देते हैं। चाहे अगले दिन सरकारी आफिसेस, बैंक बंद हों। नोएडा में बिजली कहीं न कहीं रोजाना कटती है। इसके बाद भी एनजीटी ने एक जुलाई से यहां जनसेट पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। ऐसे में बिना बिजली के फैक्ट्री का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है। श्री नाहटा ने बिजली विभाग के पोल, ट्रांसफार्मर, तारें और इंसूलेटर को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।
एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन नोएडा के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नाहटा ने कहा कि हाल में यहां तेज आंधी तूफान आया था। जिससे करीब दो हजार पेड़ गिर गए। नतीजतन तीन दिनों तक औद्योगिक सेक्टर में लाइट ही नहीं थी। इससे उद्यमियों का करोड़ों का नुकसान हुआ। उन्होंने दूसरे राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में बिजली के रेट कम करने की मांग की है।