Noida News : थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के सेक्टर-32ए सिटी सेंटर के पास बीती रात्रि सडक़ पर दौड़ रही एक अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। लपटें और धुआं उठता देखकर चालक ने कार को सडक़ किनारे रोक दिया और उतरकर अपनी जान बचाई।
दिल्ली के मालवीय नगर निवासी अरबाज बीती रात्रि अपनी अर्टिगा कार से जा रहे थे। वह जैसे ही सेक्टर-32ए के पास पहुंचे तो उनकी अर्टिगा कार से अचानक आग की लपटें उठने लगी। अरबाज ने कार को सडक़ किनारे रोककर किसी तरह अपनी जान बचाई। अरबाज ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस और दमकल कर्मियों को दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी। दमकल अधिकारियों का कहना है कि कार की वायरिंग में हुए शार्ट सर्किट की वजह से संभवत: आग लगने की घटना हुई है।