Noida: नोएडा (चेतना मंच)। थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर 7 स्थित एक फैक्ट्री में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की करीब एक दर्जन गाडिय़ों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपए का सामान जल गया है। चीफ फायर ऑफिसर(सीएफओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बीती शाम सूचना मिली कि सेक्टर 7 की एक फैक्ट्री में आग लग गई है। सूचना के आधार पर तुरंत ही मौके पर दमकल गाडिय़ों को रवाना किया गया। आग फैक्ट्री के द्वितीय तल पर लगी थी और थोड़ी देर में उसने भयंकर रूप धारण कर लिया था। आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की एक दर्जन गाडिय़ों को आग पर काबू पाने के लिए लगाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएफओ ने बताया कि आग जिस तल पर लगी थी वहां ऑटो स्क्रबर मशीन रखने का गोदाम है। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को आसपास की फैक्ट्रियों में फैलने से रोककर एक बड़ी हानि को बचाया। उन्होंने बताया कि आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संभवत आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। आग के कारणों की जांच की जा रही है।