Noida News : सेक्टर-51 में अतिक्रमण हटाने गई प्राधिकरण की टीम के साथ मारपीट
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 12:02 AM
Noida : नोएडा। सेक्टर-51 में फुटपाथ पर पूड़ी सब्जी वालों के अतिक्रमण को हटाने पहुंची नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्कल-3 की टीम के साथ पूड़ी सब्जी वालों ने होशियारपुर गांव के लड़कों के साथ मिलकर मारपीट की। इस बाबत सेक्टर-51 की आरडब्ल्यूए ने कोतवाली सेक्टर-49 में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
आरडब्ल्यूए का कहना है कि एंक्रोचमेंट के विरुद्ध नोएडा प्राधिकरण से लगातार शिकायत की जा रही है। तीन दिन पहले भी इसी एरिया से नोएडा प्राधिकरण ने एंक्रोचमेंट हटवाया था। परंतु, ये लोग मानते नहीं हैं। दोबारा कुछ ही घंटों में वापस आकर फुटपाथ पर कब्जा जमा लेते हैं, जिससे पैदल चलने वालों को और बाकी निवासियों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
आरडब्ल्यूए ने अपनी शिकायत में कहा है कि सेक्टर 51 सी 177 के पास सब्जी पूड़ी वाले एंक्रोचमेंट करके फुटपाथ पर कब्जा कर पिछले एक साल से दुकान लगा रहे हैं। इससे सड़क पर हमेशा जाम की स्थिति रहती है और यहां आएदिन एक्सीडेंट भी होते हैं। सेक्टर की नालियां हर समय गंदगी से भरी रहती हैं। ये लोग जूठी प्लेट और पत्तल नाले में ही डालते हैं। पुलिस से की गई शिकायत में आरडब्ल्यूए ने कहा है कि सी 177 के पास बाहर कोने पर लगने वाली सब्जी पूड़ी की दुकान वाले व्यक्ति ने एंक्रोचमेंट हटाने गए नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारियांे के साथ बाहर से लड़के बुलवाकर मार पिटाई की है। यह संगीन अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।