Noida News : आंध्र प्रदेश से लग्जरी गाडिय़ों में लाते थे गांजे की खेप
भारत
चेतना मंच
06 Jun 2022 08:29 PM
Noida : नोएडा । दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश से लग्जरी गाडिय़ों में छुपाकर गांजा लाने वाले नशे के सौदागरों को स्पेशल टॉस्क फोर्स ने गिरफ्तार कर 133 किलो गांजा बरामद किया है। एसटीएफ इंस्पेक्टर सचिन कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर नॉलेज पार्क पुलिस के साथ परी चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक कार को जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसकी डिग्गी में बने स्पेशल बॉक्स से करीब 133 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार शोएब पुत्र शरीफ खान, वसीम पुत्र यासीन निवासी मेरठ तथा दीपक शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा बागपत को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर सचिन कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह आंध्र प्रदेश के राजमुंद्री जनपद से गांजे को लग्जरी गाडिय़ों के माध्यम से तस्करी कर लाते हैं। पुलिस चेकिंग से बचने के लिए लग्जरी कारों में स्पेशल बॉक्स बनाए गए हैं जिनमें गांजे के पैकेटों को रखा जाता है। इसके अलावा कार की खिड़कियों में भी गांजे के छोटे छोटे पैकेट भरकर लाया जाता है। इंस्पेक्टर सचिन कुमार ने बताया नशे के यह सौदागर आंध्र प्रदेश से गांजा लाने के बाद उसे नोएडा दिल्ली में छोटे-छोटे रिटेलरों को बेचते हैं। आंध्र प्रदेश से दो से एक से डेढ़ हजार रुपए प्रति किलो गांजा लाने वाले यह तस्कर यहां पर उसे 15 से 20 हजार रुपए किलो बेचते है। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह पिछले काफी समय से गांजे की तस्करी में संलिप्त हैं। एसटीएफ ने नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज कराया है। बता दें कि एसटीएफ ने गत दिनों भी नशे के सौदागरों को गिरफ्तार कर गांजे की एक बड़ी खेप बरामद की थी।