
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 11 जुलाई को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “उमस से राहत, जलभराव और जाम ने खूब सताया” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि जिले में बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई बारिश ने लोगों को उमस से राहत दिलाई लेकिन जगह-जगह हुए जलभराव ने खूब सताया। प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण वाहन रेंगते नजर आए। वहीं, नौकरीपेशा लोगों के साथ विभिन्न सेक्टरों व कालोनियों में रहने वाले लोगों की भी मुश्किलें बढ़ गईं। नौकरीपेशा करीब एक से डेढ़ घंटे की देरी से ऑफिस पहुंचे। जगह-जगह मेट्रो पिलर, फुटओवर ब्रिज और अन्य जगहों पर लोग बारिश से बचने के लिए खड़े रहे जिससे जाम लग गया। बारिश की वजह से दादरी-सूरजपुर-छलेरा रोड पर जगह-जगह पानी भर गया। इसके अलावा सर्फाबाद गांव की सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से लोगों को काफी दिक्कत हुई। चिल्ला बॉर्डर पर जलभराव और महामाया फ्लाईओवर के दोनों लूप पर पानी भरने से जाम लग गया। कई सेक्टरों की सड़कों में भी जलभराव होने से वाहन रेंगते रहे।
इधर, मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे में 46 एमएम बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 29 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 14, 15 व 16 जुलाई को फिर तेज बारिश होने की संभावना है।
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “फैक्ट्री में पेंट बनाते समय मिक्सिंग बॉल्टी में धमाका, दस कर्मी झुलसे” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-8 स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में पेंट बनाने के दौरान मिक्सिंग बाल्टी में बृहस्पतिवार दोपहर बाद ब्लास्ट हो गया। केमिकल रिएक्शन से हुए ब्लास्ट में दस कर्मचारी झुलस गए। इनमें पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे। सभी को अस्पताल में ले जाया गया। इस हादसे में फैक्ट्री में आग नहीं लगी थी। पांच गंभीर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सेक्टर-8 के एफ ब्लॉक में एक केमिकल फैक्ट्री में पेंट बनाने का काम होता है। फैक्ट्री में बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे के बाद कई कर्मचारी काम कर रहे थे। रोजाना की तरह कर्मचारी पेंट में धिनर मिलाकर अन्य रंग का पेंट बना रहे थे। इस दौरान कर्मचारियों ने 30 लीटर की एक बाल्टी में अधिक केमिकल डालकर अन्य केमिकल भी मिला दिया। इस कारण केमिकल रिएक्शन से बाल्टी में ब्लास्ट हो गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई और वहां काम कर रहे आशीष, राकेश, अर्जुन, अखिलेश, अजय, सरिता, राजेश, अखिलेश, कन्हैया कुमार व अंकित झुलस गए। इसमें राजेश, अखिलेश, कन्हैया, अजय के साथ एक अन्य 20 प्रतिशत से अधिक झुलसा। कर्मचारियों का हाथ, चेहरा, पेट और पैर केमिकल ब्लास्ट से चपेट में आ गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे का कहना है कि अधिक केमिकल मिलाने के कारण ब्लास्ट हुआ। कुछ कर्मचारी झुलस गए, लेकिन कंपनी में कोई आग नहीं लगी थी। विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। फैक्ट्री में ब्लास्ट होने के बाद मौके पर पुलिस की टीम के साथ-साथ दो दमकल गाड़ियां भी पहुंचीं। हालांकि आग नहीं लगी थी, इस कारण दमकल गाड़ियां मौके पर खड़ी रहीं। इसके बाद झुलसे लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन एंबुलेंस को बुलाया गया और जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद दो एंबुलेंस पांच गंभीर रूप से झुलसे लोगों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गई।
Hindi News:
अमर उजाला ने 11 जुलाई 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “डीजल जनरेटर नहीं बदले प्रचार-प्रसार की भी अनदेखी” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर रोक लगा रखी है, लेकिन फिर भी ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में डीजल जनरेटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। ज्यादातर सोसाइटियों में अभी भी डीजल जनरेटर चल रहे हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। लोगों का कहना है कि सर्दी में वायु प्रदूषण बढ़ने और आयोग के आदेश के बाद ही कार्रवाई की जाती है जबकि इस समय नियमों का पालन कराने की जरूरत है ताकि सर्दी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके। दरअसल, ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट की 200 से अधिक सोसाइटियों में जनरेटर का इस्तेमाल होता है। सभी जगह डीजल जनरेटर लगे थे। आयोग के आदेश के बाद कुछ जगहों पर जनरेटर को ड्यूल फ्यूल या पीएनजी में बदल लिया गया, लेकिन ज्यादातर सोसाइटियों में प्रतिबंधित फ्यूल पर जनरेटर चल रहे हैं।
वहीं, व्यावसायिक भवन समेत अन्य जगह पर भी डीजल जनरेटर का इस्तेमाल हो रहा है। तीन माह बाद सर्दी फिर से शुरू हो जाएगी। अक्तूबर में वायु प्रदूषण बढ़ने लगता है लेकिन इसकी रोकथाम के लिए कोई तैयारी नहीं की जा रही है। इस साल फरवरी में ग्रैप हटने के बाद से यूपीपीसीबी और प्राधिकरण ने किसी तरह के इंतजामों पर काम नहीं किया। लोगों का कहना है कि सड़कों की मरम्मत, धूल भरी सड़कों को पक्का व जाम खत्म करने की योजना पर काम नहीं किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में बड़ी संख्या में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट हैं जहां वायु प्रदूषण के नियमों का लगातार उल्लंघन हो रहा है लेकिन जिला स्तर पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। छह माह में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की टीम ने जांच के बाद 15 निर्माणाधीन साइटों को बंद करने का आदेश दिया। इस पर एनपीसीएल ने बिजली काटी लेकिन सीलिंग नहीं की। हालांकि, यूपीपीसीबी ने भी 1.01 करोड़ का जुर्माना लगाया लेकिन बाकी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। प्रचार-प्रसार नहीं करा रहा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण : आयोग ने एनजीटी के नियमों का प्रचार-प्रसार कराने का आदेश दिया है। प्रचार प्रसार कर लोगों को बताना है कि कूड़ा फेंकने पर कितना जुर्माना है लेकिन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ऐसा नहीं कर रहा है। साथ ही, कूड़ा फेंकने आदि प्रदूषण के कारणों का प्रचार-प्रसार नहीं किया जा रहा है। हाल ही में यूपीपीसीबी ने भी सार्वजनिक नोटिस जारी कर खानापूर्ति कर दी। तीन माह बाद फिर वायु प्रदूषण बढ़ने वाला है।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 11 जुलाई 2025 का प्रमुख समाचार “मेट्रो के तार चोरी करने वाले गिरोह से मुठभेड़” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि मेट्रो के तार चोरी करने वाले गिरोह से बृहस्पतिवार सुबह को सेक्टर-39 थाना पुलिस की बुधवार देर रात को सदरपुर चौकी के पास मुठभेड़ हो गई। सरगना गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश, चोरी का माल खरीदने वाले कवाड़ी समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बदमाशों से एक कार, एक छोटा हाथी टेंपो, लोहे काटने वाली दो आरी, चार बंडल केबल, दो कट्टे केवल की रबर, तमंचा व कारतूस बरामद किए। गिरोह एनसीआर में सक्रिय होकर मेट्रो लाइन के तार पर हाथ साफ कर करता है। पांचों बदमाश पर 38 मुकदमे दर्ज हैं। सेक्टर 39 थाना पुलिस को बुधवार रात सदरपुर चौकी के पास चेकिंग के दौरान ब्रेजा माडल कार और छोटा हाथी टेंपो सवार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने कार सवार को रुकने का इशारा किया। कार सवार संदिग्ध बचकर सेक्टर-42 की ओर भागने लगे। शक होने पर पीछा किया तो एक बदमाश ने फायरिंग की। पुलिस के जवाबी कार्रवाई में भागने के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान दिल्ली मदनपुर गांव के सुमित उर्फ बिल्ला के रूप में हुई।
वह मूल रूप से बिहार खगड़िया जिले के मिसौरी का रहने वाला है। घेराबंदी कर पकड़े गए अन्य बदमाश की पहचान दिल्ली के मदनपुर गांव के अनूप पाल उर्फ चिकना, मदनपुर खादर गांव के प्रवीण उर्फ शूटर, दिल्ली जासोला के कोविंद व दिल्ली द्वारकापुरी के शहनवाज उर्फ नन्नू के रूप में हुई। मूल रूप से अनूप बदायूं के पिपला गांव, कोविंद बिहार बेगूसराय के गौरीपुर गांव का व शाहनावाज गाजियाबाद के केला भट्टा का रहने वाला है। एसीपी प्रथम नोएडा प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि चारों शातिर किस्म के अपराधी हैं। गिरोह का सरगना सुमित उर्फ बिल्ला है। वह रेकी करने के बाद रात के समय तार चोरी करता था। चोरी के माल को टेंपो में डालकर ले जाते थे। कबाड़ी शाहनाबाज को चोरी का माल खपाते थे। शाहनाबाज चोरी के कापर तार को गलाकर आगे बेचता था। इससे होने वाली आय को आपस में बांट लेते थे। इसी से सभी का खर्चा चलता था। सुमित पर 13, शाहनाबाज पर 14, गोविंद पर पांच, प्रवीण व अनूप पर तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “एमएमएलपी में 5,000 युवाओं को मिलेगा रोजगार” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि ग्रेटर नोएडा में पांच हजार युवाओं के लिए रोजगार के जल्द अवसर मिलेंगे। 1200 करोड़ की लागत से 174 एकड़ में विकसित होने वाले मल्टी माडल लाजिस्टिक पार्क के लिए कंपनी चयन जल्द हो जाएगा। प्राधिकरण की ओर से मल्टी माडल लाजिस्टिक पार्क (एमएमएलपी) विकसित करने के लिए निकाली गई योजना में तीन कंपनियों ने आवेदन किया है। मुख्य सचिव एवं नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण चेयनमैन मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के सभागार में हुई बैठक में परियोजना की समीक्षा के साथ तीनों आवेदक कंपनियों की ओर से प्रस्तुतिकरण किया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मल्टीमाडल लाजिस्टिक पार्क के लिए 23 मई को योजना लांच की थी। आवेदन के लिए 23 जून अंतिम तिथि थी। ग्रेनो के सेक्टर कप्पा टू स्थित भूखंड के लिए तीन कंपनियों, सुपर हैंडलर्स प्रा. लिमिटेड, अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनामिक जोन लिमिटेड और इंपेजर लाजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड ने आवेदन किए हैं। मुख्य सचिव ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में इन तीनों कंपनियों का प्रस्तुतिकरण देखा। इस पर अंतिम निर्णय मुख्य सचिव और नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन की अध्यक्षता में गठित समिति लेगी। करीब 174 एकड़ एरिया के भूखंड पर लाजिस्टिक पार्क विकसित होने से 1200 करोड़ रुपये से अधिक निवेश और 5000 से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उद्योगों के लिए माल ढुलाई आसान होगी। बैठक में ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डा. लोकेश एम, यीडा के सीईओ आरके सिंह, डीएम मनीष कुमार वर्मा, ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ सुनील कुमार सिंह, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव, यीडा के ओएसडी शैलेंद्र कुमार भाटिया, जीएम वित्त विनोद कुमार, जीएन प्लानिंग लीनू सहगल मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकीखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएचेतनामंचसेजुड़ेरहें।
देश–दुनियाकीलेटेस्टखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएहमेंफेसबुकपरलाइककरेंयाट्विटरपरफॉलोकरें।