Noida News : गैंगस्टर की 5.33 करोड रुपए की संपत्ति कुर्क
Gangster's property worth Rs 5.33 crore attached
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:23 AM
Noida News : नोएडा । कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए गैंगस्टर की 5.33 करोड रुपए की संपत्ति कुर्क की है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने गैंगस्टर खलील अहमद चौधरी द्वारा अवैध रूप से मुरादाबाद व संभल में अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क किया है।
Noida News :
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के पीआरओ पंकज सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 24 पुलिस ने गत दिनों खलील अहमद चौधरी पुत्र शरीफ अहमद उर्फ इदरीश निवासी संभल को वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पकड़ा गया खलील अहमद चौधरी संगठित आपराधिक गिरोह बनाकर एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वाहन चोरी करने के पश्चात वह चोरी की गाडिय़ों के इंजन व चेसिस नंबर घिस कर उन्हें बेच देता था। आरोपी ने वाहन चोरी से करोड़ों रुपए की अवैध संपत्ति अर्जित की थी। पीआरओ ने बताया कि आरोपी खलील अहमद चौधरी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। पुलिस आयुक्त न्यायालय गौतमबुद्धनगर द्वारा 2/3 उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 की कार्रवाई के तहत उसके द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क किए जाने के आदेश दिये थे। न्यायालय के आदेश के बाद थाना सेक्टर 58 नोएडा पुलिस की टीम ने गैंगस्टर खलील अहमद द्वारा मुरादाबाद व संभल में अर्जित की गई 5. 33 करोड रुपए की अचल संपत्ति कुर्क की है।