
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना बादलपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत गैंगस्टर के एक वेयरहाउस को कुर्क किया है। कुर्क किए गए वेयरहाउस की कीमत करीब एक करोड़ पांच लाख रुपए बताई जाती है।
बादलपुर थाना प्रभारी ने बताया कि न्यायालय गौतमबुद्धनगर द्वारा राजू पंडित उर्फ राजेंद्र पुत्र तेज प्रकाश निवासी धूम मानिकपुर के खिलाफ 14 (1) गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। आरोपी के खिलाफ धारा 2/3 उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत चालानी कार्रवाई की गई थी।
उन्होंने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपी की अचल संपत्ति के रूप में 0.3130 हेक्टेयर पर निर्मित वेयर हाउस का अधिग्रहण किया गया है। अधिग्रहण किए गए वेयरहाउस की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ पांच लाख रुपए है।
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3 तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे थे। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सिरसा गोल चक्कर के पास से अवधेश कुमार पुत्र सतीश मास्टर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए।
इसके अलावा जेल रोड बस स्टैंड के पास से विष्णु पुत्र रतन सिंह को तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना बिसरख पुलिस ने नया हैबतपुर तालाब के पास से सैफ खान पुत्र सरफराज खान को तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह अपराधिक वारदातों को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे थे। आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।