Noida News : जिले के सामूहिक और समग्र विकास में सहयोग करेगी गौतमबुद्ध नगर विकास समिति : रश्मि पांडेय
Gautam Buddha Nagar Vikas Samiti will cooperate in the collective and holistic development of the district : Rashmi Pandey
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:18 AM
Noida : नोएडा। नवगठित सामाजिक संस्था गौतमबुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय ने बताया कि यह संस्था सामूहिक और समग्रता के साथ काम करेगी। इस संस्था का मकसद गौतमबुद्ध नगर के प्रत्येक वर्ग और हिस्से को आपस में जोड़ना है। अभी जिले में संस्थाओं की कोई कमी नहीं है। कई संस्थाएं तो बहुत अच्छा काम कर रही हैं, लेकिन पूरे गौतमबुद्ध नगर की कोई बात नहीं करता है। यह सामाजिक संस्था गांव, शहर, कस्बे, सेक्टर, सोसायटी, अनियोजित कॉलोनियों और स्लम में एक साथ काम करेगी।
Noida News :
नोएडा मीडिया क्लब में रविवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्था के महासचिव आदित्य अवस्थी ने कहा कि यह संस्था केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगी। गांव और पिछड़े इलाकों में काम करेंगी। मुख्य रूप से स्वास्थ्य और शिक्षा पर फोकस रहेगा। हम एक इकोसिस्टम डेवलप करेंगे, जिसमें शहर के बड़े डॉक्टर गरीब लोगों की फ्री कंसल्टेंसी देंगे। यह एक क्लाउड हॉस्पिटल की तरह काम करेगा। संस्था के उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा और कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर गुप्ता भी पत्रकार वार्ता में शामिल हुए।
Noida News :
जितेंद्र शर्मा ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर विकास समिति वित्त सहयोग लेने की बजाय श्रम सहयोग पर जोर देगी। मसलन, शहर में तमाम प्रोफेशनल हैं, जो अपनी सेवाएं निःशुल्क देने के लिए तैयार हैं। जो काम करोड़ों रुपये खर्च करके नहीं किया जा सकता, वह काम जनसहयोग और श्रम सहयोग से बेहद आसानी से किया जा सकता है। स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में श्रम सहयोग बेहद कारगर साबित हो सकता है। हम एक ऐसा मॉड्यूल पेश करेंगे, जो वित्त का विकल्प तकनीक और श्रम सहयोग के माध्यम से पेश करेगा।