
Noida News (चेतना मंच)। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) के सभी पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन की डेट बढ़ा दी गयी है। विश्वविद्यालय में विभिन्न कोर्सों के लिए दाखिला लेने वाले छात्रों के पास अब एक और मौका है।
जीबीयू के प्रवेश विभाग के अनुसार विश्वविद्यालय में अब तक लगभग 6700 इच्छुक आवेदकों ने नामांकन के लिए पंजीकरण कर लिया है। यह आँकड़ा पिछले वर्षों की तुलना में ज़्यादा है। इसी को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। पहले छात्र 31 मई तक विश्वविद्यालय में आवेदन कर सकते थे, लेकिन अब तिथि को बढ़ाकर 15 जून तक कर दिया गया है।
सबसे ज़्यादा पंजीयन बी.टेक. के विभिन्न कार्यक्रमों में देखने को मिल रहे हैं और साथ ही एमबीए, बीबीए, बीकॉम, के साथ मनोविज्ञान, राजनीति शास्त्र, इतिहास, आदि के स्नातक पाठ्यक्रमों में रुझान बढ़ा है। विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा जून 25 को कम्प्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा होगी।