
Noida News /लखनऊ। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने नोएडा और आसपास के इलाकों में बारिश को लेकर अपडेट जारी किया है। इस अपडेट के अनुसार जल्द ही नोएडा और आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना जाहिर की गई है।
भारतीय मौसम विभाग की ओर से दिए गए अपडेट के अनुसार, कल यानि 23 मई से बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मंगलवार को नोएडा और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया जाएगा। नोएडा और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश होगी। मौसम विभाग की मानें तो बारिश का ये सिलसिला 28 मई तक जारी रहेगा। 24 मई को गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। 28 मई तक लगातार बारिश देखने को मिलेगी। इसी के साथ तापमान में भी कमी दर्ज की जाएगी।
इसके अलावा आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान भी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर मंडलों में प्रचंड गर्मी का दौर रहा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय हो रहा है जिसके फलस्वरूप एक-दो दिन बाद कई हिस्सों में आंधी-बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है और लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि दो दिन के बाद प्रदेश के ज्यादातर मंडलों में अधिकतम तापमान में गिरावट होने की उम्मीद है और उसके अगले पांच दिनों तक मौसम सुहावना रहने की संभावना है।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भीषण लू का प्रकोप रहा। इस दौरान प्रदेश के आगरा मंडल में दिन के तापमान में काफी वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा गोरखपुर, अयोध्या, वाराणसी, लखनऊ, आगरा तथा प्रयागराज मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा।
रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रयागराज, कानपुर, झांसी तथा आगरा मंडलों में रात के तापमान में भी खासी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। लखनऊ तथा आगरा मंडलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी भागों में अनेक स्थानों पर तथा पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर बारिश होने अथवा गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। अगले 48 घंटों के अंदर राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।