Noida News : सेक्टर-12 के जेड ब्लॉक में खुलेआम हो रहा अवैध निर्माण
Illegal construction in Noida
भारत
RP Raghuvanshi
21 Sep 2022 10:52 PM
Noida News : नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही व नजरअंदाजी के कारण सेक्टर-12 में खुलेआम अवैध निर्माण किया जा रहा है। अवैध निर्माण करने वालों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि प्राधिकरण तथा पुलिस में शिकायत करने के बाद भी धड़ल्ले से काम चल रहा है।
प्राधिकरण में की गई शिकायत के मुताबिक सेक्टर-12 के जेड ब्लॉक के मकान नं0-355 बी की मालकिन द्वारा प्राधिकरण अनुमत स्थान से आगे 3-4 फीट बढ़ाकर बालकनी का निर्माण कराया जा रहा है। अपने फ्लैट के ऊपर उक्त भवन की मालकिन अवैध रूप से दो फ्लोर का निर्माण कर चुकी है। इसी तरह मकान नं0 जेड-261ए में भी पीछे की गली को बंद करके उस पर अतिक्रमण करके अवैध निर्माण किया जा रहा है। यह मकान भी जेड-355 बी के मालिक का ही है।
शिकायत के बाद प्राधिकरण के कर्मचारियों ने चेतावनी देकर काम भी रूकवा दिया। लेकिन उनके जाने के बाद लगातार अवैध निर्माण हो रहा है। आसपास के लोगों का कहना है कि ईमानदार तथा विकास महिला के नाम से चर्चित सीईओ रितु माहेश्वरी के कार्यकाल में इन अवैध निर्माण पर किसकी सरपरस्ती है। इसको लेकर लोगों में काफी हताशा व आक्रोश है।