Noida News: तुरंत बर्खास्त हों चौकी प्रभारी व सिपाही: कौशिक
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:02 AM
नोएडा। बजरंग दल व विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों व महिलाओं के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करने वाले सदरपुर चौकी प्रभारी व पुलिसकर्मियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए। विश्व हिन्दु परिषद के विभाग मंत्री उमानंदन कौशिक ने पुलिस आयुक्त आलोक सिंह से यह मांग की। उन्होंने कहा कि इस बाबत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा जाएगा तथा आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले व विहिप के केन्द्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार के समक्ष भी यह मामला रखा जाएगा।
श्री कौशिक ने बताया कि विहिप की महानगर महिला अध्यक्ष छाया सिंह कुछ कार्यकर्ताओं के साथ सदरपुर चौकी में एक मजार के मामले को लेकर बातचीत करने गई थीं। इसी दौरान नाबालिग लड़के की गिरफ्तारी को लेकर भी बातचीत की। बातचीत के दौरान चौकी प्रभारी आपा खो बैठे तथा महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। तभी वहां सादी वर्दी में तैनात पुलिस कर्मियों ने छाया सिंह व अन्य कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। बाद में मामले की जानकारी लेने वे सेक्टर-39 कोतवाली पहुंचे। तभी कोतवाली के बाहर कार्यकर्ताओं को पीटने वाला सिपाही भी दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने उस सिपाही से जब मारपीट के बाबत पूछा तो उसने कार्यकर्ताओं पर पिस्टल तान दी। जिससे कार्यकर्ता भड़क उठे।
संघ के सर कार्यवाह आज नोएडा में
नोएडा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले आज सायं 4:30 बजे सेक्टर-12 स्थित भाऊराव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर में एक पुस्तक का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान संघ लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार जोशी, विश्व हिन्दु परिषद के केन्द्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार भी बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। श्री हंसबोले कृष्णनंद सागर द्वारा लिखित पुस्तक विभाजन कालीन भारत के साक्षी खंड-2 व 3 का आज लोकार्पण करेंगे। खंड-1 व 2 का लोकार्पण संघ प्रमुख मोहन भागवत ने किया था।