Noida News : गरीब का निवाला डकार रहे अपात्र राशन कार्ड धारक!
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:34 AM
Noida : नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर में भी खाद्य आपूर्ति विभाग में समुचित जांच के अभाव में 'अंधे पीसे कुत्ते खाएं।Ó वाली कहावत चरितार्थ हो रही हैं। आलम यह है कि हजारों ऐसे लोग हैं जो रहते हैं लाखों रूपये के मकान में तथा लग्जरी करों के मालिक हैं तथा किराये के तौर पर भी मोटी कमाई कर रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी गरीबों के निवाला डकार रहे हैं। आज तक जनपद में पात्र तथा अपात्र राशन कार्ड धारकों की समुचित जांच नहीं हुई।
नोएडा के सेक्टर- 12, 22, 11, 19, 20, 55, 15, 31, 71, 72 समेत कई सेक्टरों तथा गांवों में ऐसे कार्डधारकों की संख्या कई हजार में है। अकेले सेक्टर-12 तथा 22 के कार्डधारकों की जांच की जाए तो आधे से अधिक कार्ड धारक अपात्र निकलेंगे। बीच में सरकार के निर्देश के तहत अपात्रों को राशन कार्ड जमा करने की चेतावनी भी दी गयी थी। जिसके तहत गौतमबुद्धनगर में हजारों की संख्या में लोगों ने अपने राशन कार्ड जमा कराये थे। बाद में विपक्षी दलों के विरोध पर सरकार ने इसे अधिकारियों की गलती बताकर साफ यह कहकर यू टर्न ले लिया कि शासन की ओर से ऐसे कोई निर्देश जारी नहीं किए थे।
क्या कहते हैं डीएसओ
जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा बताते हैं कि वर्तमान में जनपद गौतमबुद्घनगर में 1092000 कार्ड धारक हैं। हर कार्ड में 4-5 सदस्य भी जुड़े हैं। श्री शर्मा ने बताया कि समय-समय पर शिकायत मिलने पर जांच की जाती है। यदि उनके पास अपात्र राशन कार्ड धारकों की जानकारी मिलेगी तो अविलंब उसका कार्ड निरस्त कर दिया जाएगा।