
Noida News / नोएडा (चेतना मंच)। पुराने झगड़े की रंजिश में एक युवक ने अपने पड़ोसी के 5 वर्षीय बेटे को अगवा कर उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मूल रूप से बलिया निवासी दीपक सेक्टर-112 में रह रहा था। उसका कुछ दिनों पूर्व पड़ोस में रहने वाले रंजीत से किसी बात को लेकर वाद विवाद हो गया था जिसमें दोनों के बीच मारपीट हो गई थी। इस मारपीट को लेकर दीपक रंजीत से रंजिश रखता था। बीती शाम रंजीत का 5 वर्षीय बेटा अजीत घर के बाहर खेल रहा था।
इस दौरान दीपक उसे अपने साथ ले गया और सुनसान गली में उसकी गले पर चाकू से वार कर दिया। अजीत के शोर मचाने पर दीपक मौके से फरार हो गया। बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन भी मौके पर पहुंचे तो उन्हें अजीत लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ मिला।
परिजन उसे तुरंत यथार्थ अस्पताल लेकर पहुंचे। इस संबंध में रंजीत ने आरोपी दीपक के खिलाफ अपने बेटे पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामला अवैध संबंध व पुरानी रंजिश का है। आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।