Noida News : दो गोल्ड मेडल लाकर जगदीश सिंह ने रचा इतिहास
भारत
चेतना मंच
10 Aug 2022 06:41 PM
Noida : नोएडा । उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) जगदीश सिंह ने हालैंड में आयोजित वल्र्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में लगातार दो स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर न सिर्फ परिवार, क्षेत्र, समाज बल्कि देश का भी गौरव बढ़ाया है। उल्लेखनीय है कि जहां उम्र के इस पडाव में लोग स्वयं को थका-हार मान लेते हैं। वहीं इस उम्र में जगदीश सिंह की इस उपलब्धि को लोग बहुत बड़ी सफलता मान रहे हैं।
सूरजपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इस एतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाले जगदीश सिंह का भव्य स्वागत किया गया। उनकी इस शानदार उपलब्धि की सर्वत्र सराहना हो रही है। हालैंड से भारत लौटने पर एयरपोर्ट पर भी उनका भव्य स्वागत किया गया।
बता दें कि जगदीश सिंह ने 28 जुलाई को हॉलैंड में आयोजित एथलीट प्रतियोगिता में क्रॉस कंट्री 65 वर्ष + श्रेणी में इजरायल के एथलीट को 50 सेकेंड में हराकर गोल्ड मेडल हासिल कर लिया। यही नहीं उन्होंने इसके पूर्व 24 जुलाई को भी 10 किलोमीटर की दौड़ में गोल्ड मेडल का खिताब हासिल किया। लगातार दो गोल्ड मेडल लाने वाले जगदीश सिंह ने भारतीय पुलिस के लिए एक इतिहास रच दिया है। इस श्रेणी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लगातार दो गोल्ड मेडल लाने वाले वे पहले भारतीय एथलीट हैं।
पुलिस मुख्यालय पर उनका स्वागत करने वालों में गौतमबुद्धनगर के कमिश्नरेट में तैनात अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह, पश्चिमी उत्तर प्रदेश निर्माण मोर्चा के महासचिव कर्नल सुधीर सिंह, चौ. ओमवीर सिंह, हरबीर सिंह, रविन्द्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।