Noida News : एलीवेटिड रोड पर उखडऩे लगी है भ्रष्टाचार की परतें
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:06 AM
Noida : नोएडा । मास्टर प्लॉन नं-2 रोड पर स्थित नोएडा के पहले एलीवेटिड रोड के निर्माण को लेकर फिर घोटाले का उजागर होने लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने जांच के आदेश दिये हैं। इस जांच के लिए विधिवत टीम भी गठित कर दी गयी है। करीब 400 करोड़ रूपये की लागत से 4.8 किमी लंबे इस एलीवेटिड रोड का निर्माण इतना घटिया है कि अभी से जगह-जगह गडढे हो गए तथा सड़क उखडऩे लगी है। इसके पूर्व कई ज्वाइंटस पर भी टूट-फूट की घटना घट चुकी है। समाजवादी पार्टी के शासनकाल में बने इस रोड में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी थीं कि गुणवत्ता की जांच तो दरकिनार निर्माण करने वाली कंपनी को अतिरिक्त पैसे का भुगतान भी कर दिया गया। इसकी पुष्टि प्राधिकरण की टेक्नीकल ऑडिट सेल ने की है।
अनुबंध के तहत निर्माण करने वाली कंपनी को 5 वर्ष तक इसका रखरखाव करना था। लेकिन यह मामला फिलहाल अदालत में लंबित है। इसलिए सड़क उखडऩे की शिकायत पर रोड सरफेसिंग का कार्य दूसरी एजेंसी से कराना पड़ा था। यह एलीवेटिड रोड सेक्टर-18 से सेक्टर-61 के बीच बनी है तथा सात स्थानों पर लोगों की सहूलियत के लिए इंटर सेक्शन कट भी बनाये गये हैं। लेकिन भाजपा सरकार में अब फिर इस एलीवेटिड रोड का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जांच रिपोर्ट के बाद दोषी लोगों पर कार्यवाही की बात आला अधिकारी कर रहे हैं। लेकिन इस गोरखधंधे में संलिप्त अधिकारियों के अभी से पसीने छूट रहे हैं।