Noida : नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग के सफाई कर्मचारियों की लापरवाही गांव में पढ़ रहे स्कूली बच्चों पर भारी पड़ रही है। स्कूल के बच्चों को हर रोज कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। ग्राम सौहरखा निवासी रवि यादव ने बताया कि प्राधिकरण ने गांव में 30 सफाई कर्मचारियों को सफाई का जिम्मा सौंपा हुआ है, लेकिन कर्मचारियों द्वारा गांव में नालियों की सफाई नहीं की जाती। नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं और गंदा पानी गांव के मुख्य मार्ग पर जमा हुआ है। श्री यादव ने बताया कि प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक गांव में 30 सफाई कर्मचारी तैनात हैं और प्रतिमाह लाखों रूपये सफाई के नाम पर खर्च किये जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व ठेकेदारों की लापरवाही के चलते गांव में स्कूली छात्रों को कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।
कीचड़ जमा होने के कारण गांव में मच्छर जनति बीमारियों का भी हर समय खतरा बना रहता है। रवि यादव ने कहा कि महज खानापूर्ति कर गांव में सफाई व्यवस्था के दावे किए जाते हैं।