Noida News : नशे के बुरे प्रभावों के प्रति किया जागरूक
भारत
चेतना मंच
27 Jun 2022 05:49 PM
Noida : नोएडा । अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर कमिश्नरेट पुलिस व एनजीओ द्वारा संयुक्त रुप से झुग्गी झोपडिय़ों में रहने वाले बच्चों व उनके परिजनों को नशे आदि से दूर रहने के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई तथा बच्चों के परिजनों को शिक्षा के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर आलोक सिंह के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट नोएडा, शहर में कार्यरत विभिन्न गैर सरकारी संगठनों एवं चाइल्डलाइन टीम द्वारा सेक्टर 119 तथा सेक्टर 76 में जागरूकता अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान लोगों को नशे की बुराइयों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस आयुक्त के पीआरओ पंकज सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को बताया
गया कि नशा करने से व्यक्ति आर्थिक, शारीरिक तथा मानसिक रूप से कमजोर हो जाता है और अपना मानसिक संतुलन खो बैठता है। नशे के कारण वह विभिन्न प्रकार के गलत कार्य व अपराधों में लिप्त हो जाता है जिस कारण उसके परिवार का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने बताया कि समाज में फैल रही इस बुराई के प्रति जागरूकता फैलाने तथा गरीब बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए यह जागरूकता अभियान चलाया गया।