Noida News : भ्रष्टाचार के आरोप में नोएडा प्राधिकरण के प्रबंधक सस्पेंड
Noida News: State's first structural audit policy implemented
भारत
चेतना मंच
22 Nov 2025 01:42 PM
Noida: नोएडा । उत्तर प्रदेश शासन ने नोएडा प्राधिकरण के प्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी) गौरव बंसल को भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित कर दिया है। आरोप है कि गौरव बंसल ने अपने करीबियोंं को लाभ पहुंचाने के लिए ग्रेटर नोएडा में किसानों के पुराने भूखंडों का आवंटन निरस्त करने और नियोजित भूखंड आवंटित करने का कार्य किया है। इस कृत्य को नियमों के खिलाफ मांगते हुए अपर सचिव अरविंद कुमार ने निलंबन का आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश में आरोप लगाया गया है कि गौरव बंसल ने वर्ष 2017-18 में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के कृषक आबादी विभाग में प्रबंधक के पद पर तैनाती के दौरान सुत्यिाना गांव के कृषक आबादी के पुराने भूखंडों के आवंटन का निरस्तीकरण अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर किया था। इसके अलावा उन्होंने बाद में नियोजित भूखंडों का आवंटन भी करा दिया। इस करवाई का सक्षम स्तर पर उन्होंने अनुमोदिन नहीं कराया।
गौरव बंसल का यह कृत्य उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक कर्मचारी नियमावली 1956 का सरासर उल्लंघन है। इसके लिए प्रथम दृष्टïया दोषी पाते हुए शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है तथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी अनुशंसा की गई है। इस मामले में नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी का कहना है कि गौरव बंसल को शासन ने निलंबित किया है इसमें शासन के निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर निलंबित प्रबंधक गौरव बंसल का कहना है कि मुझे इसकी जानकारी किसी अन्य स्रोतों से मिली है। इस बारे में पहले से ना कोई आरोप पत्र दिया गया है और ना ही किसी तरीके का उसे कोई स्पष्टीकरण मांगा गया है। वह इस मामले को लेकर विभाग के शीर्ष अधिकारियों से भी मिलेंगे।