Noida: नोएडा । कमिश्नरेट पुलिस गौतमबुद्धनगर ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर धार्मिक गुरुओं, पीस कमेटी एवं संभ्रांत लोगों के साथ बैठक की। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की। नोएडा जोन के डीसीपी राजेश एस, एडीसीपी नोएडा रणविजय सिंह, एसीपी नोएडा-2 रजनीश वर्मा ने सेक्टर छह स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में धार्मिक गुरुओं व संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान सभी धार्मिक गुरुओं व संभ्रांत व्यक्तियों के साथ आगामी त्योहारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। डीसीपी ने आगामी त्यौहार कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करने व आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखे और उनकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने संभ्रांत लोगों से स्थानीय समस्याओं के बारे में पूछा और उनके जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।वही सेंट्रल जोन में डीसीपी हरीश चंदर व एसीपी पीतम पाल सिंह की उपस्थिति में थाना ईकोटेक 3 पर धार्मिक गुरुओं व संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की गई। बैठक में आगामी त्यौहार व कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करने व आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।