
Noida News: यूपी के नोएडा में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर सड़क किनारे खड़े वाहनों से तेल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य गश्त कर रही पीआरवी में टक्कर मार कर मौके से फरार हो गए। इस हादसे में पीआरवी पर तैनात एक उप निरीक्षक व कांस्टेबल घायल हो गए तथा गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
दनकौर थाना प्रभारी राधा रमण ने बताया कि बुधवार को पीआरवी 2647 कासना से पलवल की तरफ जाने वाले पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर गश्त कर रही थी। इस दौरान पीआरवी कर्मियों को तीन व्यक्ति एक गाड़ी से तेल चोरी करते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों पास ही खड़ी डस्टर कार में बैठकर भाग निकले। पीआरवी कर्मियों ने इनको पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने डस्टर कार से पीआरवी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पीआरवी क्षतिग्रस्त हो गई तथा आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस हादसे में पीआरवी पर तैनात उप निरीक्षक विश्राम सिंह व कांस्टेबल यशपाल को चोटें आई हैं। मौके से मिली डस्टर गाड़ी से 5 खाली गैलन व एक गैलन से 50 लीटर तेल व तेल निकालने के उपकरण आदि बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पड़ताल में डस्टर कार पर लगी नंबर प्लेट भी फर्जी निकली है। पुलिस चेसिस नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने प्रयास कर रही है। इसके अलावा पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाले जा रहे है।