Noida News : दिल्ली से बाइक चोरी कर नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग
भारत
चेतना मंच
14 Jun 2022 08:05 PM
Noida : नोएडा । चोरी की बाइक पर लूट व छिनैती की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर लुटेरों को सेक्टर-58 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि आज सुबह थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में सेक्टर 62 के पास वाहनों की चेकिंग कर रही टीम ने बाइक पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया। युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर तलाशी ली तो उनके पास से दो तमंचे व कारतूस बरामद हुए।
एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आफताब पुत्र शमशाद निवासी ग्राम तिगड़ी थाना बिसरख व सूरज पुत्र वीरेंद्र निवासी घडोली दिल्ली बताया। इनके पास से लुटे हुए सात मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास से बरामद बाइक भी चोरी की है। यह बाइक उन्होंने दिल्ली के मयूर विहार से चोरी की थी। पकड़े गए दोनों बदमाशों ने लूट व छिनैती की 50 से अधिक वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। बदमाशों ने बताया कि वह मोबाइल लूटने का काम करते हैं जबकि उनके दो अन्य साथी लूटे गए मोबाइल फोनों को दिल्ली के करोल बाग में स्थित गफ्फार मार्केट में बेचने के काम में लिप्त हैं। पुलिस इन दोनों की भी तलाश कर रही है।